अहमदाबाद न्यूज डेस्क: देश की पहली बुलेट ट्रेन, जो मुंबई से अहमदाबाद के बीच दौड़ेगी, का काम तेजी से जारी है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना का लोग बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं, क्योंकि इससे यात्रा का समय काफी कम हो जाएगा। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव आज नाडियाड पहुंचकर इस प्रोजेक्ट की प्रगति का जायजा ले रहे हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि इस हाई-स्पीड ट्रेन का एक अहम कनेक्शन उत्तर प्रदेश के हापुड़ से भी है? दरअसल, इस बुलेट ट्रेन के लिए इस्तेमाल किया जा रहा स्टील ब्रिज हापुड़ में तैयार किया गया है, जो प्रोजेक्ट का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है।
मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट के तहत 200 मीटर लंबा स्टील ब्रिज नाडियाड के पास लॉन्च किया जा रहा है, जिसे हापुड़ में बनाया गया है। हापुड़ से प्रोजेक्ट साइट लगभग 1200 किमी दूर है, और वहां से ब्रिज के 700 से अधिक स्टील के टुकड़े ट्रेलरों के जरिए लाए गए हैं। इस ब्रिज का पहला स्पैन इसी महीने लॉन्च किया जाएगा और अगस्त 2025 तक इसका निर्माण पूरा करने की योजना है। यह ब्रिज राष्ट्रीय राजमार्ग-48 पर बनाया जा रहा है, जो दिल्ली, मुंबई और चेन्नई को जोड़ता है। इसकी चौड़ाई 14.3 मीटर और ऊंचाई 14.6 मीटर होगी, जबकि इसका कुल वजन लगभग 1500 मीट्रिक टन होगा।
इस स्टील ब्रिज की लाइफ 100 साल तक होगी और इसे जोड़ने के लिए हाई-स्ट्रेंथ बोल्ट तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा। इस बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट के तहत कुल 28 स्टील ब्रिज बनाए जा रहे हैं, जिनमें से 11 महाराष्ट्र में और 17 गुजरात में हैं। इन मजबूत स्टील गर्डरों की मदद से ट्रेन 320 किमी प्रति घंटे की स्पीड से दौड़ सकेगी। वहीं, प्री-स्ट्रेस्ड कंक्रीट ब्रिज का इस्तेमाल नदी पार करने के लिए किया जाएगा, जो 40 से 45 मीटर तक फैले होंगे।
नेशनल हाई स्पीड रेल कॉर्पोरेशन भारत की पहली हाई-स्पीड रेल लाइन का निर्माण कर रहा है, जिसकी कुल लंबाई 508 किमी होगी। इसमें 352 किमी मार्ग गुजरात और 156 किमी महाराष्ट्र से होकर गुजरेगा, जबकि दादरा और नगर हवेली में 4 किमी का हिस्सा होगा। इस कॉरिडोर में कुल 12 स्टेशन बनाए जा रहे हैं। बुलेट ट्रेन की अधिकतम स्पीड 320 किमी प्रति घंटा होगी और इसका डिजाइन 350 किमी प्रति घंटे की क्षमता के अनुसार तैयार किया गया है। इस ट्रेन के शुरू होने से मुंबई से अहमदाबाद की यात्रा सिर्फ दो घंटे में पूरी हो सकेगी, जिससे यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।